निरीक्षण करने पहुंचे डीएम बन गए शिक्षक, व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए छात्रों को भी पढ़ाया
- by Manjesh Kumar
- 06-Aug-2026
- Views
कटिहार: कटिहार के जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने गुरुवार को आजमनगर स्थित आर के उच्च विद्यालय परिसर में संचालित सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, कक्षाओं के संचालन और विद्यार्थियों की पढ़ाई का बारीकी से जायजा लिया। जिलाधिकारी विभिन्न कक्षाओं में पहुंचे और बच्चों से सीधे संवाद कर उनकी शैक्षणिक तैयारी का आकलन किया। उन्होंने विद्यार्थियों से पाठ्यक्रम से जुड़े कई प्रश्न पूछे तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। इस दौरान जिलाधिकारी स्वयं ब्लैकबोर्ड पर बच्चों को पढ़ाते हुए भी नजर आए।
उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक उनके सवालों के जवाब दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय के शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने, तथा साप्ताहिक एग्जाम लेने सहित अनुशासित एवं प्रेरणादायक शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उनके इस निरीक्षण से विद्यालय के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। विद्यालय परिवार ने जिलाधिकारी के सुझावों का पालन करने का भरोसा जताया।


Post a comment