भारत-नेपाल सीमा से सटे गलगलिया स्टेशन के विकास की मांग तेज, सांसद डॉ मोहम्मद जावेद ने रेल मंत्री को लिखा पत्र
- by Manjesh Kumar
- 05-Aug-2026
- Views
किशनगंज: सीमांचल और भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे गलगलिया रेलवे स्टेशन के विकास को लेकर किशनगंज के सांसद डॉ मोहम्मद जावेद ने रेल मंत्री को पत्र लिखकर कई महत्वपूर्ण मांगें उठाई हैं। सांसद ने कहा कि गलगलिया स्टेशन सीमावर्ती क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन है, जो भारत-नेपाल और पश्चिम बंगाल से जुड़ा होने के कारण सामरिक, व्यावसायिक और यात्री सुविधाओं की दृष्टि से बेहद अहम है। सांसद ने अपने पत्र में जोगबनी–सिलीगुड़ी एक्सप्रेस (15723/15724) तथा राधिकापुर–सिलीगुड़ी पैसेंजर (75705/75706) का गलगलिया रेलवे स्टेशन पर नियमित ठहराव सुनिश्चित करने की मांग की है।
उनका कहना है कि इन ट्रेनों के ठहराव से सीमावर्ती क्षेत्र के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके साथ ही सांसद ने पहले से स्वीकृत गलगलिया टर्मिनल यार्ड का निर्माण कार्य जल्द शुरू करने, रैक यार्ड विकसित करने, स्टेशन का आधुनिकीकरण करने तथा यात्रियों के लिए आवश्यक सुविधाओं का विस्तार करने की भी मांग की है। डॉ मोहम्मद जावेद ने पत्र में कहा है कि गलगलिया स्टेशन सीमांचल का प्रवेश द्वार है और यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र, व्यापारी, किसान, नौकरीपेशा लोग और मरीज यात्रा करते हैं। बेहतर रेल सुविधाएं मिलने से न केवल यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि भारत-नेपाल सीमा से जुड़े व्यापार, परिवहन और सीमांचल के आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।
सांसद ने रेल मंत्री से जनहित को ध्यान में रखते हुए इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया है, ताकि वर्षों से रेल सुविधाओं की प्रतीक्षा कर रहे गलगलिया, ठाकुरगंज और पूरे सीमांचल क्षेत्र के लोगों को इसका लाभ मिल सके।


Post a comment