मॉर्निंग वॉक पर निकले जिला परिषद सदस्य के पति को अपराधियों ने भूना, आक्रोशित लोगों ने आरोपी का घर फूंका, हाल ही में...
- by Manjesh Kumar
- 12-Sep-2026
- Views
सीतामढ़ी: शनिवार की सुबह सीतामढ़ी गोलियों की तड़तड़ाहट से थर्रा उठा जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। घटना सीतामढ़ी के डुमरा थाना क्षेत्र के केथरिया गांव की है जहां शनिवार की अहले सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले जिला परिषद सदा के पति को अपराधियों ने गोली से भून दिया। गोली लगने से उनकी मौके पर मौत हो गई। मृतक की पहचान जिला परिषद क्षेत्र संख्या 13 की सदस्य खुशदील देवी के पति वैद्यनाथ महतो के रूप में की गई है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी और दहशत के साथ ही आक्रोश का माहौल है। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस को भी लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया जिसमें ट्रैफिक थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार का सिर फूट गया जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि आक्रोशित लोगों ने हत्या के आरोपी का घर में आग लगा दी।
बताया जा रहा है कि जिला परिषद सदस्य के घर पर बीते 28 अगस्त की रात भी गोलीबारी हुई थी। मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पीड़ित परिवार समेत गांव के लोग भी पुलिस से कर रहे थे और तीन दिन पहले भी डुमरा थाना में ग्रामीणों ने हंगामा किया था। परिवार के लोगों ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की थी। अब शनिवार की अहले सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर उनकी जान ले ली।
ग्रामीणों का कहना है कि अगर पिछली घटना में समय रहते कार्रवाई होती और आरोपितों की गिरफ्तारी की जाती तो अपराधियों का मनोबल नहीं बढ़ता। हालांकि, यह ग्रामीणों का आरोप है और इस पर पुलिस का आधिकारिक पक्ष अभी नहीं आया है। हत्या के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन के सामने विधि-व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती बढ़ गई है। वहीं, डुमरा थानाध्यक्ष मुकेश कुमार की कार्यशैली को लेकर भी स्थानीय लोगों में सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। घटना के बाद पुलिस की ओर से जांच और कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।


Post a comment