विश्वविद्यालय में वेतन पेंशन एवं सेवानिवृत्ति लाभों के लंबित मामलों का शिविर में ऑन द स्पॉट निष्पादन
- by Manjesh Kumar
- 27-Jul-2026
- Views
पूर्णिया: बिहार के राजभवन के निर्देश के आलोक में पूर्णिया विश्वविद्यालय द्वारा शिक्षकों एवं शिक्षाकेत्तर कर्मियों के वेतन, बकाया वेतन, पेंशन तथा सेवानिवृत्ति लाभों से संबंधित लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के उद्देश्य से विश्वविद्यालय के सीनेट हॉल में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। कुलपति प्रो विवेकानंद सिंह के मार्गदर्शन में इसका आयोजन हुआ।कुलसचिव प्रो अखिलेश कुमार, वित्त पदाधिकारी शमशेर आलम, उप कुलसचिव (लीगल) प्रो सुनील कुमार अमित कुमार, राजीव कुमार, मनमोहन एवं अखिलेश कुमार उपस्थित थे। प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की प्रक्रिया का पर्यवेक्षण किया।
इस संबंध में कुलसचिव प्रो अखिलेश कुमार द्वारा पूर्व में ही विश्वविद्यालय के सभी अंगीभूत महाविद्यालयों के प्राचार्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए थे, जिसके अनुपालन में महाविद्यालयों द्वारा लंबित मामलों का विवरण शिविर में उपलब्ध कराया गया। आयोजित शिविर में शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मियों द्वारा व्यक्तिगत रूप से लगभग 25 से अधिक प्रतिवेदन वेतन, बकाया वेतन, पेंशन एवं सेवानिवृत्ति लाभों से संबंधित प्रस्तुत किए गए। प्राप्त आवेदनों में से अधिकांश मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जबकि शेष मामलों का निष्पादन आवश्यक प्रक्रिया के अंतर्गत किया जा रहा है।
शिविर में व्यक्तिगत रूप से प्रतिवेदन प्रस्तुत करने वालों में प्रमुख रूप से रामदयाल पासवान, दिलीप कुमार सिंह, रमाशंकर पंडित, दिनेश प्रसाद यादव, उत्तम राम, सिकंदर गुप्ता, देवनारायण यादव, सुधीर प्रसाद यादव, दिलीप कुमार यादव, विनय कुमार पांडेय, चंद्रकांत झा, दुर्गा गोप, समीर कुमार पोद्दार, राम प्रसाद शाह, घनश्याम यादव, रत्नेश कुमार सिंह, सुरेंद्र प्रसाद यादव, गणपति कुमार शाह, चतुर्भुज मिश्र, जय कृष्ण राय, अमरनाथ पाठक, प्रकाश चंद्र झा, अबू तालिब, अरिंदम कुमार दास, वसीम अख्तर परवेज तथा चंद्रभूषण लाल दास शामिल रहे। इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालय के सभी अंगीभूत महाविद्यालयों के प्राचार्यों द्वारा अपने-अपने महाविद्यालयों के शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मियों के वेतन, बकाया वेतन, पेंशन तथा सेवानिवृत्ति लाभों से संबंधित लंबित मामलों की सूची भी शिविर में प्रस्तुत की गई।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने जानकारी दी है कि यह विशेष शिविर 28 जुलाई 2026 को भी आयोजित किया जाएगा। शिविर में कार्यरत एवं सेवानिवृत्त शिक्षक तथा शिक्षकेतर कर्मचारी व्यक्तिगत रूप से अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। प्राप्त प्रतिवेदनों पर नियमानुसार विचार करते हुए यथाशीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा। कुलपति प्रो विवेकानंद सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मियों के लंबित वित्तीय एवं पेंशन संबंधी मामलों के समयबद्ध समाधान के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से विशेष शिविर आयोजित कर संबंधित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि कर्मियों को अनावश्यक विलंब का सामना न करना पड़े।


Post a comment