राज्य में पंचायत चुनाव को लेकर सुगबुगाहट हुई शुरू, राज्य निर्वाचन आयोग ने अधिकारियों को लिखा पत्र, EVM...
- by Pratyek Media
- 19-Mar-2026
- Views
पटना: बिहार में इस वर्ष के अंत में पंचायत चुनाव कराया जा सकता है और इस दिशा में अब राज्य निर्वाचन आयोग ने तैयारी शुरू कर दी है। पंचायत चुनाव को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने मुख्य सचिव को पत्र लिख कर सभी जिले में अधिकारियों की तैनाती का आदेश दिया है। इसके साथ ही सभी जिले के डीएम को जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) के रूप में नामित कर दिया है। इसके साथ ही जिला पंचायत राज पदाधिकारी को उप निर्वाचन अधिकारी के रूप में भी नामित कर दिया है। इन दोनों अधिकारियों की जिम्मेवारी से जिलों में पंचायत चुनाव करवाने में राज्य निर्वाचन आयोग को सहूलियत मिलेगी।
संभावना जताई जा रही है कि इस वर्ष के अंत में पंचायत चुनाव कराए जा सकते हैं और पहली बार बिहार के पंचायत चुनाव में EVM से वोट डाले जाएंगे। जानकारी के अनुसार एक ही कंट्रोल यूनिट से सभी EVM को कनेक्ट किया जाएगा ताकि मतदान की प्रक्रिया में मतदाता एक ही जगह खड़े हो कर और आसानी से वोट कर पाएंगे। राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव के तारीखों की घोषणा नहीं की है लेकिन पत्र के माध्यम से मुख्य सचिव, प्रमंडलीय आयुक्त, सभी जिलाधिकारी, सामान्य प्रशासन विभाग और पंचायती राज विभाग के अधिकारियों को पत्र लिख कर तैयारी का निर्देश दिया है।
पंचायत चुनाव को लेकर अब गांव की राजनीति में हलचल बढ़ने की संभावना है। पंचायत स्तर के उम्मीदवारों ने अपनी तैयारी तेज कर दी है साथ ही नए राजनीतिक समीकरण भी बनने लगे हैं। संभावित प्रत्याशी न सिर्फ़ अपने राजनीतिक समीकरण बनाने में जुटे हैं बल्कि अब मतदाताओं के बीच जा कर संपर्क करना भी शुरू कर चुके हैं।


Post a comment