शिक्षा मंत्री के इस्तीफा पर सांसद समर्थकों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर मनाया जश्न
- by Manjesh Kumar
- 25-Jul-2026
- Views
पूर्णिया: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद सांसद पप्पू यादव के अर्जुन भवन कार्यालय में समर्थकों ने आतिशबाजी कर और एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। छात्रों ने इसे युवाओं के संघर्ष की जीत बताया। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि बबलू भगत ने कहा कि यह केवल किसी व्यक्ति के इस्तीफे का मामला नहीं, बल्कि लोकतंत्र और देश के करोड़ों छात्रों की आवाज़ की जीत है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से छात्र पेपर लीक, भर्ती घोटालों और परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे थे। युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाया गया और अंततः उनकी आवाज़ को अनदेखा नहीं किया जा सका।
संजय सिंह ने कहा कि छात्रों और युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने संसद से लेकर सड़क तक लगातार छात्रों के हितों की आवाज़ बुलंद की। पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को उन्होंने लगातार प्रमुखता से उठाया तथा छात्रों के अधिकारों की लड़ाई में सक्रिय भूमिका निभाई। सांसद प्रवक्ता राजेश यादव ने उन्होंने कहा कि इस आंदोलन को सीजेपी के फाउंडर अभिजीत दीपक और कांग्रेस नेता राहुल गांधी सहित कई सामाजिक एवं राजनीतिक लोगों का समर्थन मिला, जिससे छात्रों की आवाज़ राष्ट्रीय स्तर पर पहुंची।
राजेश यादव ने कहा कि यह संघर्ष केवल एक मुद्दे तक सीमित नहीं है, बल्कि देश में पारदर्शी परीक्षा प्रणाली, समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया और युवाओं के लिए सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने की लड़ाई है। सुडु यादव एवं छात्र नेता करन यादव ने कहा कि आगे भी छात्रों के हितों निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष जारी रहेगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र, युवा और समर्थक मौजूद रहे और सभी ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता तथा जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग दुहराई।


Post a comment