सीएम आवास का घेराव करने निकले छात्रों पर चला वाटर कैनन, बेरिकेडिंग तोड़ इनकम टैक्स तक पहुंच गए थे फिर...
- by Manjesh Kumar
- 04-Aug-2026
- Views
पटना: नई दिल्ली में जंतर मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के समर्थन में राजधानी पटना में प्रदर्शन और लाठी चार्ज का मामला थमा भी नहीं था कि एक बार फिर मंगलवार को एनएसयूआई ने राजधानी में मार्च किया। एनएसयूआई के बैनर तले भारी संख्या में छात्र जेपी गोलंबर से मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने निकले और इस दौरान उनकी पुलिस से झड़प भी हुई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर वाटर कैनन भी छोड़ा। प्रदर्शनकारियों ने सबसे पहले गांधी मैदान के समीप जेपी गोलंबर पर पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ कर आगे बढ़ गए और इनकम टैक्स गोलंबर तक पहुंच गए।
आयकर चौराहा पर पुलिस ने एक बार फिर प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की और इस दौरान वाटर कैनन का इस्तेमाल भी किया। इस दौरान पुलिस प्रदर्शनकारी के बीच झड़प भी हुई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे पांच मांग को लेकर मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने निकले हैं। उनकी मांगे बिहार में पेपर लीक पर रोक, बिहार में रोजगार के अवसर, शिक्षा व्यवस्था में सुधार, भर्ती परीक्षाओं में होने वाली अनियमितता में सुधार तथा छात्र आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर कार्रवाई है। छात्रों के प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम और पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव भी शामिल हुए। इस दौरान पप्पू यादव ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का इस्तीफे होने तक यह लड़ाई जारी रहेगी, जबकि राजेश राम खुद ही प्रदर्शनकारियों के साथ बैरिकेडिंग पर बैठ गए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।


Post a comment