सेवा और समर्पण की मिसाल बना निःशुल्क पूर्णिया सेवा शिविर

पूर्णिया: श्रावणी मेला के पावन अवसर पर बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले शिवभक्त कांवरियों की सेवा के लिए कटोरिया (बांका) के विश्वकर्मा नगर में आयोजित 30 दिवसीय निःशुल्क पूर्णिया सेवा शिविर में कांवरियों की सेवा का सिलसिला दिन-रात जारी है। शिविर में महापौर एवं जितेंद्र यादव ने ट्रस्टी सदस्यों के साथ मिलकर पैदल कांवर यात्रियों की सेवा कर रहे हैं। उद्घाटन के पश्चात संध्या ही शिविर परिसर में भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। इसमें पूर्णिया की महापौर विभा कुमारी, निःशुल्क पूर्णिया सेवा शिविर के अध्यक्ष राजीव कुमार राय, ट्रस्टी सदस्य जितेंद्र यादव, अजय कुमार झा सहित जनप्रतिनिधियों, ट्रस्ट के सदस्यों, वार्ड पार्षदों, पार्षद प्रतिनिधियों, कांवरियों एवं गणमान्य लोगों ने भाग लिया। गंगा आरती के दौरान महापौर विभा कुमारी ने भगवान भोलेनाथ एवं मां गंगा की आराधना करते हुए सभी शिवभक्त कांवरियों की सुखद, सुरक्षित, सफल एवं मंगलमय यात्रा की कामना की। भक्तिमय वातावरण में श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष के साथ मां गंगा की आरती की।

इसके बाद आयोजित सम्मान समारोह का ट्रस्ट के सदस्यों ने एक साथ दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया। समारोह में बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष सह आलमनगर विधायक एवं पूर्व मंत्री नरेंद्र नारायण यादव, बेलहर विधायक मनोज यादव, मनिहारी नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश कुमार उर्फ लाखो यादव, पूर्णिया सेवा शिविर ट्रस्ट के सभी सदस्य, विभिन्न वार्डों के सम्मानित वार्ड पार्षद एवं पार्षद प्रतिनिधि, पूर्णिया से पहुंचे कांवरिया तथा अन्य गणमान्य अतिथियों को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महापौर विभा कुमारी ने कहा कि कांवरियों की सेवा करना केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि पुण्य और संस्कार का कार्य है। पिछले कई वर्षों से निःशुल्क पूर्णिया सेवा शिविर के माध्यम से जिस तरह शिवभक्तों की सेवा की जा रही है, वह समाज के लिए प्रेरणादायी है। सेवा, समर्पण और सहयोग की यह परंपरा निरंतर आगे बढ़नी चाहिए। बाबा बैद्यनाथ की कृपा सभी कांवरियों पर बनी रहे और उनकी यात्रा सुखद एवं सुरक्षित हो, यही हमारी कामना है।

समारोह में पहुंचे बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष सह आलमनगर विधायक एवं पूर्व मंत्री नरेंद्र नारायण यादव ने कहा कि शिवभक्त कांवरियों की सेवा भगवान शिव की सेवा के समान है। पूर्णिया सेवा शिविर द्वारा लगातार इतने वर्षों से कांवरियों के लिए निःशुल्क सेवा उपलब्ध कराना अत्यंत सराहनीय और अनुकरणीय कार्य है। ऐसे सेवा कार्य समाज में आपसी सहयोग, भाईचारे और मानवीय संवेदना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि निःशुल्क पूर्णिया सेवा शिविर का ट्रस्ट महापौर विभा कुमारी एवं जितेंद्र यादव के नेतृत्व तथा ट्रस्टी सदस्यों के सहयोग से काफी अच्छा कार्य कर रहा है।

वहीं बेलहर विधायक मनोज यादव ने कहा कि श्रावणी मेला में दूर-दूर से आने वाले कांवरियों की सेवा के लिए इस तरह के सेवा शिविरों की महत्वपूर्ण भूमिका है। निःशुल्क पूर्णिया सेवा शिविर जिस समर्पण और निष्ठा के साथ कांवरियों की सेवा कर रहा है, वह निश्चित रूप से प्रशंसनीय है। बाबा बैद्यनाथ सभी शिवभक्तों की मनोकामना पूर्ण करें और उनकी यात्रा मंगलमय हो। सम्मान समारोह में जितेंद्र यादव ने कहा कि कांवरिया सेवा की यह परंपरा धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक समरसता और मानवीय सेवा का भी संदेश देती है। शिविर में कांवरियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उनके विश्राम एवं सेवा का विशेष प्रबंध किया गया है। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं आयोजन से जुड़े सदस्यों ने सेवा की इस परंपरा को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान हर-हर महादेव, बोल बम के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

मौके पर मुख्य रूप से वार्ड पार्षद अर्जुन सिंह, पूनम देवी, राजीव रंजन सहाय उर्फ बबलू सहाय, राकेश राय, गुलाब हुसैन, स्वपन घोष, प्रदीप जायसवाल, पार्षद प्रतिनिधि श्रीप्रसाद महतो, ललनेश सिंह, राजीव कुमार राय, मनोज साह, बहादुर यादव, बालेश्वर यादव, प्रेम कुमार राय, रंजीत सिंह, जनार्दन त्रिवेदी, सतीश साह, बबलू चैधरी, रूपेश डुंगरवाल, राजू लोहिया, विक्रम सिंह, पप्पू यादव, कन्हैया रस्तोगी, संजीत महतो, राजू यादव, प्रवीण कुमार, राजेश झा, पिंटू सिंह, अनिल यादव, नीतू दा, दिलीप चैधरी, संजय सिंह, बबलू जायसवाल, एसके संजू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, व्यवसायी, बुद्धिजीवी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। अतिथियों ने शिविर में कांवरियों के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए इसे कांवरिया सेवा का अनुकरणीय एवं प्रेरणादायी प्रयास बताया।

  

Related Articles

Post a comment