पूर्णिया में जब उग्र होने लगे प्रदर्शनकारी तो डीएम - एसएसपी ने खुद संभाल लिया मोर्चा
- by Manjesh Kumar
- 25-Jul-2026
- Views
पूर्णिया: बीते कई दिनों से देश भर में नीट पेपर लीक के विरोध में और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी था। इसी कड़ी में शनिवार को छात्र संगठन AISA ने बिहार बंद का आह्वान किया था जिसके बाद पूरे राज्य में छात्र सड़कों पर उतरे और उग्र विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान राजधानी पटना समेत कई जिलों में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पत्थरबाजी भी की जिसमें कई पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। सीवान में प्रदर्शनकारी के हमले में एसपी पूरन झा जख्मी हो गए जबकि सारण में पुलिस की गाड़ी में आग लगा दी गई। वहीं पूर्णिया में भी शनिवार को भारी संख्या में प्रदर्शनकारी सड़क पर उतरे।
पूर्णिया में छात्रों के प्रदर्शन को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। बावजूद इसके छात्र धीरे धीरे उग्र होते दिखे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठी भी चटकाई। छात्रों की उग्रता को देखते हुए पूर्णिया के डीएम अंशुल कुमार और एसएसपी डॉ शौर्य सुमन ने स्वयं मोर्चा संभाल लिया और सड़क पर उतर कर स्थिति को संभाला। मौके पर एक तरफ जहां छात्र पत्थरबाजी और तोड़फोड़ के लिए उतारू हो गए तो दूसरी तरफ दोनों अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को काफी समझाया और खुद सड़क पर उतर कर स्थिति को नियंत्रित किया।


Post a comment