कटिहार पुलिस पर लगे गंभीर आरोप, दो युवकों ने कहा आधी रात उठाया, थाना में रख की पिटाई फिर छोड़ दिया

कटिहार: कटिहार के रौतारा थाना क्षेत्र के गोविंदपुर चौक में वर्दी की बेदर्दी ने ग्रामीणों को आक्रोशित कर दिया है। दो युवकों को पुलिस ने शक के आधार पर उठाया करीब 12 घंटे तक हिरासत में रखा और फिर छोड़ दिया। लेकिन इस दौरान दोनों के साथ ऐसा सलूक हुआ कि उनके कूल्हे लाल और काले पड़ गए। शरीर पर उभरे पिटाई के निशान पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि आखिर दोनों युवकों का कसूर क्या था, यह अब तक किसी को पता नहीं है।

दरअसल गोविंद चौहान पत्नी से खफा होकर गांव के ही हवा महल में जाकर सो गया था। इसी गांव का ट्रैक्टर चालक गुड्डू चौहान भी काम खत्म करने के बाद वहीं सो रहा था। आधी रात करीब दो बजे दर्जनों की संख्या में पुलिस पहुंची और कुछ तलाशने लगी। आरोप है कि बिना कोई सवाल-जवाब किए पुलिस ने गोविंद और गुड्डू को पकड़ लिया और बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। आरोप है कि दोनों को इतना पीटा गया कि उनके कूल्हों पर लाल और काले रंग के निशान उभर आए। करीब 12 घंटे बाद पुलिस ने दोनों को छोड़ दिया। पीड़ितों का आरोप है कि पुलिस ने डराकर उनसे लिखित में फिट और सुरक्षित होने की बात भी लिखवा ली।

ग्रामीणों का कहना है कि दोनों के खिलाफ न कोई मामला दर्ज है और न ही किसी तरह की शिकायत थी। महिलाओं ने कटिहार सदर विधायक तारकेश्वर प्रसाद के आवास पर पहुंचकर निष्पक्ष जांच और तारीख कार्रवाई करने की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगी आरोप लगाया कि पुलिस ने पिटाई के दौरान अनाज बिखेर दिया और पास के घर में तलाशी के नाम पर सामान तहस-नहस कर दिया। पीड़ितों ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। उधर पुलिस ने आरोपों को बेबुनियाद बताया है। पुलिस का कहना है कि शक के आधार पर दोनों को थाने लाया गया था और पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। बहरहाल पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों को इंतजार है कि इस कथित पिटाई की निष्पक्ष जांच होगी या मामला आरोप-प्रत्यारोप तक ही सिमटकर रह जाएगा।

  

Related Articles

Post a comment