Bihar Encounter: पटना में पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड के तीन आरोपी ढेर, भोजपुर में रिटायर्ड अधिकारी के हत्यारोपित को लगी गोली
- by Manjesh Kumar
- 06-Nov-2026
- Views
पटना/भोजपुर: बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई तेज होती दिख रही है। शुक्रवार की अहले सुबह पटना और भोजपुर जिले में हुई दो अलग-अलग मुठभेड़ों में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पटना के मनेर में पैक्स अध्यक्ष की हत्या के तीन आरोपित मारे गए, जबकि भोजपुर में रिटायर्ड असिस्टेंट कमिश्नर की हत्या के मुख्य शूटर को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। भोजपुर में हुई कार्रवाई के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी है।
मनेर में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, तीन की मौत
पहली घटना पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र की है। शेरपुर गंगा घाट के समीप शुक्रवार की सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। दोनों ओर से हुई गोलीबारी में पैक्स अध्यक्ष संजीव कुमार उर्फ भोलू की हत्या के तीन आरोपित राजा शर्मा, बबलू कुमार और जेपी यादव मारे गए।
इस मुठभेड़ में मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार के हाथ में भी गोली लगी है। घायल थाना प्रभारी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और पूरे इलाके में मोर्चा संभाल लिया।
गौरतलब है कि नवरात्रि की महाष्टमी की रात मनेर के ब्यापुर में अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर पैक्स अध्यक्ष संजीव कुमार उर्फ भोलू की हत्या कर दी थी। इस गोलीबारी में प्रखंड प्रमुख के पति पिंटू कुमार भी घायल हुए थे। पुलिस इसी हत्याकांड के आरोपितों की तलाश में जुटी थी।
भोजपुर में रिटायर्ड असिस्टेंट कमिश्नर का मुख्य शूटर घायल
दूसरी मुठभेड़ भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में सारंगपुर मोड़ के समीप हुई। यहां पुलिस रिटायर्ड असिस्टेंट कमिश्नर रामकुमार सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी पवन यादव को हथियार बरामदगी के लिए लेकर पहुंची थी। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। एक गोली पुलिस वाहन के बोनट में भी लगी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जो पवन यादव के पैर में लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे अपने कब्जे में लेकर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। घायल आरोपी की पहचान आरा के नवादा थाना क्षेत्र स्थित चंदवा हाउसिंग कॉलोनी निवासी पवन यादव के रूप में हुई है।
भोजपुर के एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि पवन यादव को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। पूछताछ में उसने हथियार के बारे में जानकारी दी थी। उसी हथियार की बरामदगी के दौरान उसने पुलिस पर गोली चला दी। एसपी के अनुसार, पवन यादव रिटायर्ड असिस्टेंट कमिश्नर रामकुमार सिंह की हत्या में मुख्य शूटर था।
मॉर्निंग वॉक के दौरान हुई थी रिटायर्ड अधिकारी की हत्या
बता दें कि बीते 15 अक्टूबर की सुबह रिटायर्ड असिस्टेंट कमिश्नर रामकुमार सिंह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकल रहे थे। इसी दौरान घर के बाहर ही अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इस हत्याकांड में अब तक तीन आरोपितों की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई है।
दो जिलों में हुई इन कार्रवाइयों के बाद पुलिस दोनों मामलों की आगे की जांच में जुटी है। मनेर मुठभेड़ की परिस्थितियों और भोजपुर में हथियार बरामदगी के दौरान हुई गोलीबारी को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।


Post a comment