पूर्णिया के स्टेडियम में छात्रों का उमड़ा हुजूम शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की गूंज
- by Manjesh Kumar
- 25-Jul-2026
- Views
पूर्णिया: पूर्णिया में पहले से प्रस्तावित छात्रों के प्रदर्शन को लेकर लगभग आठ हजार छात्रों ने एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद किया। सुबह ग्यारह बजे से ही छात्र इंदिरा गांधी स्टेडियम के पास जुटने लगे। स्टेडियम के बाहर भीतर हाथों में तख्तियां लिये हुए छात्र छात्रा लगातार शिक्षा व्यवस्था में सुधार और बार बार हो रहे पेपर लीक पर रोक लगाने को लेकर केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की गई थी। चप्पे-चप्पे पर पुलिस के जवानों को तैनात किया गया था। सदर एसडीपीओ अभिनव पराशर, एएसपी आलोक कुमार, एडीएम विधि व्यवस्था राजकुमार गुप्ता जिला खेल पदाधिकारी सह उप समाहर्ता रविशंकर झा, डीडीसी अंजनि कुमार सिंह, उप नगर आयुक्त विजय कुमार सिंह समेत तमाम पदाधिकारी मौजूद थे।
आंदोलन के दौरान छात्र लगातार शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते नजर आए। इस दौरान जिलाधिकारी अंशुल कुमार और एस एसपी शौर्य सुमन ने हजारों की संख्या में एकजुट छात्रों के बीच पहुंचकर उनसे संवाद किया। इसके बाद स्टेडियम के भीतर छात्रों के हुजूम के बीच खड़े होकर दोनों पदाधिकारियों ने छात्रों की बातों को सुना। डीएम ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि जिस अनुशासन के साथ आप लोगों ने धैर्य रखकर पुलिस और प्रशासन का सहयोग किया। आगे भी इसे यूं ही बनाए रखें। कोई भी कानून व्यवस्था को हाथ में न लें। आप देश के भविष्य हैं आने वाला कल आपका है। छात्रों के हुजूम ने ताली बजाकर स्वागत भी किया। एस एस पी ने कहा कि लोकतंत्र में अपने हक के लिए आवाज बुलंद करना जायज है मगर इसके दौरान किसी भी तरह के सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना न्यायोचित नहीं है। उमस भरी गर्मी के बावजूद छात्रों का हुजूम घंटों अपनी मांगों को लेकर डटे रहे।


Post a comment