भरत तिवारी का एनकाउंटर करने वाला एसटीएफ जवान गिरफ्तार, सीएम के निर्देश के बाद लगातार की जा रही थी छापेमारी
- by Manjesh Kumar
- 31-Jul-2026
- Views
पटना: भोजपुर के बिलौटी गांव में विगत दिनों भरत तिवारी के कथित एनकाउंटर मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गोली मारने वाले एसटीएफ जवान को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि भरत तिवारी के सरेंडर करने के बाद एसटीएफ जवान अक्षय कुमार ने पहले गोली मारी थी। उसके ऊपर भरत तिवारी की मां समेत परिजनों ने भी गोली मारने का आरोप लगाया था। मामले में एफआईआर दर्ज किए जाने और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश के बाद गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी जिसे अब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार देर रात पुलिस ने एसटीएफ जवान अक्षय कुमार को गिरफ्तार किया और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। बता दें कि 24 जुलाई को भरत तिवारी के परिजनों ने सीएम सम्राट चौधरी से मुलाकात की थी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने परिवार से मुलाकात कर उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया था। सीएम ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी थी। उन्होंने कहा था कि स्वर्गीय भरत तिवारी जी के परिवार को न्याय मिलेगा। उन्होंने परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर उनकी बात सुनी और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया था। बता दें कि भरत तिवारी की कथित एनकाउंटर में मौत के बाद यह मामला काफी चर्चा में रहा। घटना को लेकर परिजनों और विभिन्न संगठनों ने न्यायिक जांच की मांग करते हुए आंदोलन भी किया था। मामले की जांच अभी जारी है और अन्य आरोपितों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।


Post a comment