नीतीश के बाद अब निशांत ने भी जारी किया वीडियो संदेश, बाकीपुर की जनता से कर दी बड़ी अपील

पटना: बिहार के स्वास्थ्य मंत्री एवं जदयू नेता निशांत कुमार ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के समर्थन में वीडियो संदेश जारी कर मतदाताओं से उन्हें विजयी बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बांकीपुर ने हमेशा विकास, सेवा और सुशासन को सर्वोपरि रखा है और उन्हें पूरा विश्वास है कि इस बार भी क्षेत्र की जनता इसी दिशा में आगे बढ़ेगी। निशांत कुमार ने कहा कि जदयू के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी बांकीपुर के मतदाताओं से एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के पक्ष में मतदान करने की अपील की है। जनता ने वर्षों से नीतीश कुमार पर भरोसा किया है और उनके नेतृत्व में हुए विकास कार्यों में सहयोग दिया है।

निशांत ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। ऐसे में विकास की इस यात्रा को जारी रखने के लिए एनडीए प्रत्याशी को समर्थन देना जरूरी है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जिस प्रकार नितिन नवीन ने करीब दो दशकों तक बांकीपुर क्षेत्र की सेवा की है, उसी प्रकार नीरज कुमार सिन्हा भी जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए क्षेत्र के विकास और जनसेवा के लिए समर्पित रहेंगे। उन्होंने कहा कि बांकीपुर के विकास की गति को बनाए रखने और जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए नीरज सिन्हा को विधानसभा भेजना आवश्यक है।

निशांत कुमार ने जदयू और भारतीय जनता पार्टी एवं एनडीए के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों से अपील करते हुए कहा कि वे पूरी सक्रियता के साथ चुनाव अभियान में जुटें और नीरज कुमार सिन्हा की जीत सुनिश्चित करने में अपनी भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल एक उम्मीदवार की जीत का नहीं, बल्कि विकास, सेवा और सुशासन की निरंतरता का चुनाव है। इसलिए सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में अधिक से अधिक मतदान सुनिश्चित कराएं।

  

Related Articles

Post a comment