हमारे नेता के आजू बाजू बैठने वालों की वजह से बन रही नकारात्मक छवि, भाई वीरेंद्र ने कहा 'कुछ खास लोगों की वजह से हो रहा पार्टी को नुकसान...'

पटना: राजधानी पटना के बाकीपुर विधानसभा उप चुनाव के परिणाम के बाद जन सुराज की जीत और भाजपा की हार की चर्चा तो है ही लेकिन इस बीच राजद भी चर्चा से बाहर नहीं है। हालांकि चुनाव में मुकाबला के लिए राजद की चर्चा नहीं हो रही है बल्कि अंदरखाने में उठ रहे विरोधात्मक आवाज को लेकर अब चर्चा जोरों पर है। पहले 2025 विधानसभा चुनाव में करारी हार और अब बाकीपुर उपचुनाव में प्रत्याशी का जमानत जब्त हो गया। पहले राजद सुप्रीमो लालू यादव की बेटी तथा पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष एवं सर्वेसर्वा तेजस्वी यादव की बहन रोहिणी आचार्य ने नाम लिए बगैर तंज कसा तो अब भाई वीरेंद्र ने भी आवाज उठाई है। लालू परिवार के करीबी माने जाने वाले विधायक भाई वीरेंद्र ने बड़ा बयान दिया है।

भाई वीरेंद्र ने नाम लिए बगैर पार्टी के कुछ नेताओं और पदाधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसे लोगों को चिह्नित करने की जरूरत है, जिनकी वजह से पार्टी को नुकसान हो रहा है। पत्रकारों से बातचीत में भाई वीरेंद्र ने कहा कि बांकीपुर में हार का एक बड़ा कारण संगठन की कमजोरी भी रही है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों पर पार्टी भरोसा करती है, उनका समाज में कोई वजूद नहीं है। ऐसे चेहरों को लेकर जनता के बीच नकारात्मक धारणा बन रही है। उन्होंने कहा, कई ऐसे चेहरे हैं, जब हमारे नेता के आजू-बाजू बैठते हैं तो लोग तरह-तरह की बातें करते हैं। ऐसे लोगों को साथ रखने से पार्टी की छवि खराब होती है। जिन लोगों से नुकसान हो रहा है, उन पर भरोसा करने के बजाय उन्हें पीछे से काम लेने की जरूरत है।

भाई वीरेंद्र ने यह भी कहा कि ऐसे लोगों की पहचान करनी होगी जो केवल नेतृत्व की हां में हां मिलाते हैं, लेकिन जमीन पर पार्टी के लिए काम नहीं करते। उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले समय में संगठन में कुछ लोगों की जिम्मेदारियां कम की जा सकती हैं। उन्होंने कहा, पार्टी को सींचने का काम हम लोगों ने किया है। हम लोग लोकदल के समय से लालू प्रसाद यादव के साथ रहे हैं और समाजवादी विचारधारा से जुड़े रहे हैं। इसलिए पार्टी की चिंता है। जो गलतियां हुई हैं, उन्हें सुधारना होगा।

  

Related Articles

Post a comment