कटोरा लेकर धरना पर बैठी आरडीओ का वेतन हुआ रिलीज, बीडीओ से भी मांगा गया था स्पष्टीकरण

बक्सर: जिले से एक ऐसी खबर सामने आई हैं जो सरकारी व्यवस्था पर कई सवाल खड़ा करने के साथ ही कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच विवाद अब सार्वजनिक चर्चा का विषय बन गया है। दरअसल ब्रह्मपुर प्रखंड में आरडीओ अल्पीका सिंह करीब आठ महीने से वेतन बकाया रहने का आरोप लगाते हुए जमीन पर चादर बिछाकर और बगल में कटोरा रखकर धरना पर बैठ गईं। उनकी इस तस्वीर के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला जिला प्रशासन तक पहुंचा। इसके बाद प्रशासन ने हस्तक्षेप करते हुए उनका वेतन रिलीज करा दिया। हालांकि, इस पूरे प्रकरण में एक नया मोड़ तब आया, जब वेतन रोकने वाले ब्रह्मपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी सोनू कुमार से भी जिला प्रशासन ने स्पष्टीकरण मांग लिया। बीडीओ ने भी अपना लिखित जवाब जिला प्रशासन को सौंप दिया है।

मामले में दिलचस्प पहलू यह है कि जहां आरडीओ अल्पीका सिंह वेतन भुगतान नहीं होने को लेकर धरने पर बैठी थीं, वहीं दूसरी ओर प्रखंड विकास पदाधिकारी का तर्क है कि लगातार ड्यूटी से अनुपस्थित रहने के कारण उनका वेतन रोका गया था। ऐसे में यह मामला महज वेतन भुगतान तक सीमित नहीं रह गया, बल्कि सरकारी कार्यालयों में उपस्थिति, जवाबदेही और प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे है।

प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद जारी हुआ वेतन

मामले की जानकारी देते हुए जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी आलोक वत्स ने बताया कि जिला प्रशासन ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए आरडीओ का वेतन रिलीज कराया है। साथ ही संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी से भी स्पष्टीकरण मांगा गया था। प्रशासनिक स्तर पर मामले की जानकारी लेने और आवश्यक कार्रवाई के बाद वेतन भुगतान की प्रक्रिया पूरी कराई गई है।

लगातार अनुपस्थित रहने पर रोका गया था वेतन

वहीं, डीआरडीए के निदेशक अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि आरडीओ अल्पीका सिंह लगातार ड्यूटी से अनुपस्थित चल रही थीं। इसी आधार पर ब्रह्मपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी सोनू कुमार ने उनका वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण की मांग की थी। संबंधित अधिकारी की ओर से जवाब दिए जाने के बाद वेतन रिलीज कर दिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि इस मामले में प्रखंड विकास पदाधिकारी से भी जिला प्रशासन ने स्पष्टीकरण मांगा था। बीडीओ ने अपना लिखित जवाब प्रशासन को उपलब्ध करा दिया है।

कटोरा रखकर धरने की तस्वीर हुई थी वायरल

गौरतलब है कि करीब आठ दिन पहले ब्रह्मपुर प्रखंड की आरडीओ अल्पीका सिंह की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई थी। तस्वीर में वह जमीन पर चादर बिछाकर धरने पर बैठी नजर आ रही थीं। उनके बगल में एक कटोरा भी रखा हुआ था। वेतन भुगतान नहीं होने के विरोध में इस तरह धरने पर बैठने की तस्वीर सामने आने के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई। मामला सार्वजनिक होने के बाद जिला प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लिया और संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया।

इस पूरे घटनाक्रम में एक तरफ कर्मचारी का वेतन रोकने के पीछे अनुपस्थिति का मामला सामने आया, तो दूसरी तरफ वेतन भुगतान में देरी को लेकर धरने की नौबत आ गई। जिला प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद फिलहाल आरडीओ का वेतन जारी कर दिया गया है और दोनों पक्षों ने अपना-अपना स्पष्टीकरण भी सौंप दिया है। अब देखना होगा कि प्रशासनिक स्तर पर दिए गए जवाबों की समीक्षा के बाद इस प्रकरण में आगे क्या निर्णय लिया जाता है।

  

Related Articles

Post a comment