बांका में निगरानी विभाग का बड़ा एक्शन, 1.26 लाख रुपए रिश्वत लेते इंजीनियर समेत दो कर्मी रंगे हाथ गिरफ्तार
- by Manjesh Kumar
- 04-Aug-2026
- Views
भागलपुर: बांका में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला परिषद कार्यालय में छापेमारी कर एक इंजीनियर समेत दो कर्मियों को 1 लाख 26 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि जिला परिषद की योजना पर कार्य कर रहे संवेदक अवध बिहारी ने रिश्वत मांगने की शिकायत निगरानी विभाग से की थी। शिकायत में जिला परिषद अध्यक्ष राजेंद्र यादव, जेई सुधीर कुमार, कर्मी जागेश्वर मंडल, इंजीनियर ओमप्रकाश मंडल सहित पांच लोगों के नाम शामिल थे।
निगरानी विभाग ने शिकायत का सत्यापन कराया जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद सोमवार को निगरानी विभाग की टीम ने जिला परिषद कार्यालय में छापेमारी की और कर्मी जागेश्वर मंडल तथा इंजीनियर ओमप्रकाश मंडल को 1 लाख 26 हजार की रिश्वत राशि के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान टीम ने जिला परिषद अध्यक्ष राजेंद्र यादव से भी पूछताछ की। निगरानी विभाग के डीएसपी सत्येंद्र राम ने बताया कि शिकायत के सत्यापन में रिश्वत मांगने की बात सही पाई गई थी जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को भागलपुर स्थित निगरानी कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।


Post a comment