तेल भरवाया और जब पैसे मांगे तो पेट्रोल पंप पर किया बवाल, संचालक ने पुलिस से की कार्रवाई की मांग

शेखपुरा: जिले में पेट्रोल पंपों पर बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच कोसुम्भा थाना क्षेत्र के जियन बीघा गांव के समीप स्थित भारत पेट्रोलियम रकशा फ्यूल सर्विस पर दबंगई का मामला सामने आया है। आरोप है कि तेल भरवाने के बाद जब कर्मियों ने वाहन चालक से भुगतान मांगा तो वह आगबबूला हो गया और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने अपने साथियों को बुला लिया। देखते ही देखते करीब 10 लोग पेट्रोल पंप पर पहुंच गए और पैसे देने से इनकार करते हुए कर्मियों के साथ मारपीट कर दी। घटना से पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।

पेट्रोल पंप संचालक विक्रम पासवान ने बताया कि पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें आरोपियों की हरकत साफ दिखाई दे रही है। घटना के बाद कोसुम्भा थाना में लिखित आवेदन देकर सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और न्याय की मांग की गई है। कोसुम्भा थाना पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच के बाद दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। लगातार पेट्रोल पंपों पर हो रही मारपीट, लूट और चोरी जैसी घटनाओं ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब लोगों की नजर पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी है।

  

Related Articles

Post a comment