कटिहार के स्कूल से गैस सिलेंडर समेत रसोई का सामान ले उड़े चोर, सीसीटीवी में कैद हुए दो संदिग्ध
- by Manjesh Kumar
- 07-Aug-2026
- Views
कटिहार: कटिहार के बरारी प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय भैंसदीरा में गुरुवार देर रात चोरों ने रसोईघर का हैंडल लॉक तोड़कर गैस सिलेंडर समेत रसोई के कई सामान चोरी कर लिए। घटना रात करीब एक बजे की बताई जा रही है। विद्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में दो संदिग्ध युवक चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए कैद हुए हैं। विद्यालय के प्रधानाध्यापक वीरेन्द्र सिंह ने बरारी थाना में आवेदन देकर अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि चोर रसोईघर से दो भरे हुए गैस सिलेंडर, दो बाल्टी, एक तसला, 20 थालियां, एक बड़ी हांडी सहित अन्य रसोई के बर्तन चोरी कर ले गए। चोरी की इस घटना से विद्यालय को आर्थिक नुकसान हुआ है तथा मध्याह्न भोजन योजना का संचालन भी प्रभावित होने की आशंका है।
प्रधानाध्यापक ने बताया कि घटना की सूचना प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) राजकुमार सिंह एवं मध्याह्न भोजन (एमडीएम) प्रभारी को भी दे दी गई है। विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रात्रि प्रहरी अविनाश कुमार से भी चोरी की घटना के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया है। इधर, बरारी थानाध्यक्ष सुमेश कुमार ने बताया कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक से आवेदन प्राप्त हुआ है। सीसीटीवी फुटेज सहित उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही चोरी की घटना का उद्भेदन कर आरोपितों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।


Post a comment